साल 2019 और 2020 में कोविड ने पूरी दुनिया में भयानक तबाही मचाई थी। पूरी दुनिया इस वायरस के कारण थम गयी थी। हालाँकि भारत ने इस वायरस से निपटने में अहम भूमिका निभाते हुए पूरे विश्व को भारत में निर्मित वैक्सीन प्रदान की थी। भारत में टीकाकरण का महाभियान चला और कोरोना से लगभग निजात मिल गई लेकिन इसके बाद अब चीन में कोरोना विस्फोट होने से पूरी दुनिया फिर सकते में आ गयी।
एक ओर जहां राष्ट्रीय राजधानी में नए साल का जश्न मनाने के लिए लोग उत्तसाहित हैं वहीं, कोरोना धीरे-धीरे दिल्लीवासियों के लिए खतरा बना रहा है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक़, शुक्रवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 9 और मामले सामने आए हैं। इसी के साथ दिल्ली में कोविड पॉजिटिविटी रेट 0.22 प्रतिशत हो चुका है। हालाँकि चीन में निर्मित भयावह स्थिति को देखते हुए और कोरोना की पिछली लहरों को देखते हुए भारत सरकार अलर्ट है एवं इसकी रोकथाम की तैयारी कर रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने शुक्रवार को एयरलाइनों से कहा कि वे संशोधित कोविड दिशानिर्देशों के तहत भारत आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए अपनी चेक-इन प्रणालियों में संशोधन करें। संशोधित कोविड दिशानिर्देशों के तहत चीन और पांच अन्य देशों से आने वाले यात्रियों के लिए एक जनवरी (रविवार) से निगेटिव कोविड टेस्ट रिपोर्ट अनिवार्य है। सरकार की तरफ से कड़े दिशा-निर्देश जारी किये गए हैं एवं अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर निगेटिव टेस्ट रिपोर्ट को अनिवार्य करने का फैसला किया गया है।












