सीएम मोहन यादव ने याद किए छात्र जीवन के संघर्ष, बोले- हम टाटपट्टी लेकर स्कूल जाते थे; आज के बच्चे Alpha Generation हैं
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को भोपाल जिले के बैरसिया में 35 एकड़ में बने ‘सांदीपनी ठाकुर लाल सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय’ के भव्य नए कैंपस का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और अपने छात्र जीवन के संघर्षों को याद करते हुए नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का संदेश दिया।
“हम घर से टाटपट्टी लेकर स्कूल जाते थे”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनका छात्र जीवन आज के बच्चों से काफी अलग था। उन्होंने कहा-
“हम लोग सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पढ़े हैं। उस समय बैठने के लिए घर से बोरा या टाटपट्टी लेकर स्कूल जाना पड़ता था। बारिश के मौसम में कई बार शिक्षक कह देते थे कि आज स्कूल मत आना। लेकिन आज समय बदल गया है। आपको आधुनिक सुविधाओं से युक्त शानदार विद्यालय मिल रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें बेहतर लैब, खेल मैदान और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं।
“आज की पीढ़ी Gen-Z नहीं, Alpha Generation है”
छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी केवल Gen-Z नहीं है, बल्कि यह उससे आगे की Alpha Generation है। उन्होंने कहा कि यही युवा पीढ़ी आने वाले समय में देश के भविष्य का निर्माण करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छा विद्यालय विद्यार्थी के जीवन को दिशा देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे पारस के स्पर्श से लोहा सोना बन जाता है, वैसे ही श्रेष्ठ विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व को निखारकर उन्हें सफलता की राह दिखाते हैं।
छात्र नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें: CM
मेरिट वाले विद्यार्थियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने पूछा कि अधिकतर बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और सीए बनने की इच्छा क्यों रखते हैं, जबकि कृषि और व्यापार जैसे क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की लगभग 9 करोड़ आबादी के लिए सरकारी नौकरियां सीमित हैं। इसलिए युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनने की सोच विकसित करनी चाहिए।
सांदीपनी नाम के पीछे बताई सांस्कृतिक सोच
मुख्यमंत्री ने विद्यालय के नाम ‘सांदीपनी’ रखने के पीछे सांस्कृतिक महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने उज्जैन स्थित सांदीपनी आश्रम में शिक्षा प्राप्त की थी। इसी गौरवशाली परंपरा से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से इन विद्यालयों का नाम सांदीपनी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना भी जरूरी है।
बैरसिया-भोपाल हाईवे होगा फोरलेन
कार्यक्रम के दौरान बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैरसिया-भोपाल हाईवे को फोरलेन में अपग्रेड करने की घोषणा की।
इससे क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ विकास की गति बढ़ने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में बैरसिया विधायक विष्णु खत्री, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री राठौड़, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।





