पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में राज्य के 16 जिलों की कुल 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।
इन जिलों में West Bengal के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर, कूचबिहार, उत्तर व दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान, पुरूलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर और पूर्वी मेदिनीपुर शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 1,478 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान के लिए 44 हजार से अधिक केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 7,384 केंद्रों को अत्यधिक संवेदनशील घोषित किया गया है। इस चरण में लगभग 3 करोड़ 60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए Election Commission of India ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। दो लाख 40 हजार से अधिक चुनाव कर्मियों के साथ 2,407 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा त्वरित कार्रवाई दल भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ब्रेल लिपि वाली ईवीएम, रैंप और प्राथमिकता कतार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर और ईमेल सेवा भी शुरू की गई है।
हर मतदान केंद्र पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और प्रवेश द्वार पर मोबाइल जमा करने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग मतदान केंद्रों की ओर रुख कर रहे हैं।













