स्मृति ईरानी शुक्रवार पूर्वाह्न में वाराणसी पहुंचीं, जहां बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री के स्वागत की अगुवाई भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने की। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर कुछ देर नेताओं से मुलाकात और बातचीत के बाद स्मृति ईरानी शहर के लिए रवाना हो गईं।
अपने वाराणसी प्रवास के दौरान वह चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल में आयोजित नारी शक्ति वंदन अधिनियम कार्यक्रम में भाग लेंगी। इस कार्यक्रम को महिला सशक्तिकरण के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में निर्मला सिंह, अनिल श्रीवास्तव, शिवानंद राय, प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पाण्डेय सहित कई भाजपा नेता शामिल रहे।
इसी क्रम में सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के तत्वावधान में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम–प्रचार अभियान’ के तहत स्कूटी रैली का भी आयोजन किया जा रहा है। यह रैली अपराह्न तीन बजे विश्वविद्यालय के मुख्य भवन से शुरू होकर राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, चौकाघाट होते हुए पुनः मुख्य भवन पर समाप्त होगी।
रैली में विश्वविद्यालय की महिला अध्यापिकाएं, कर्मचारी और छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी, जो महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता का संदेश देगी।












