साउथ और बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के जन्मदिन के खास मौके पर उनकी आगामी पैन-इंडिया फिल्म ‘मायसा’ से उनका नया लुक रिलीज कर दिया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर आते ही सनसनी मचा दी।
जारी किए गए मोनोक्रोम पोस्टर में रश्मिका एक बिल्कुल अलग और इंटेंस अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे पर धूल और खून के निशान उनके किरदार की रॉ पावर और भावनात्मक गहराई को बखूबी दर्शाते हैं। यह लुक इस बात का संकेत देता है कि फिल्म में वह एक निडर और मजबूत महिला के रूप में दिखाई देंगी, जो उनकी अब तक की ऑन-स्क्रीन इमेज से काफी अलग होगा।
पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि रश्मिका अब अपनी ग्रेस और आकर्षण के साथ-साथ गुस्से और ताकत के नए रूप में दर्शकों के सामने आने वाली हैं। इससे पहले रिलीज हुए फिल्म के फर्स्ट लुक और दमदार बैकग्राउंड स्कोर ने भी दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी थी।
‘मायसा’ का निर्माण Unformula Films के बैनर तले किया गया है, जबकि निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने संभाला है। फिल्म का संगीत जेक्स बिजॉय ने तैयार किया है।
यह फिल्म एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है, जो आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ‘मायसा’ साल 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिना जा रहा है।












