भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश से भाजपा ने प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल और वरिष्ठ नेता तरुण चुग को उम्मीदवार बनाया है। सागर जिले के मंडी बामोरा के निवासी रजनीश अग्रवाल लंबे समय से भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी के भीतर उन्हें बूथ प्रबंधन, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति का विशेषज्ञ माना जाता है। यही वजह है कि उन्हें भाजपा का ‘चाणक्य’ भी कहा जाता है।

रजनीश अग्रवाल ने प्रदेश भाजपा में मंत्री, मुख्य प्रवक्ता और प्रदेश सचिव जैसी कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। पर्दे के पीछे रहकर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को विस्तार देने में उनकी भूमिका को हमेशा सराहा गया है।
दिलचस्प बात यह है कि रजनीश अग्रवाल की शैक्षणिक पृष्ठभूमि पत्रकारिता से जुड़ी रही है। उन्होंने सागर स्थित डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया की समझ, संवाद कौशल और संगठनात्मक क्षमता ने उन्हें भाजपा नेतृत्व का भरोसेमंद रणनीतिकार बनाया।
राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद यह माना जा रहा है कि भाजपा ने संगठन के एक ऐसे चेहरे को आगे बढ़ाया है, जिसने वर्षों तक जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है। अब उनकी संसद में एंट्री को संगठन के कार्यकर्ताओं के सम्मान और भाजपा की रणनीतिक राजनीति के रूप में देखा जा रहा है।












