काठमांडू। Cambodia में अवैध रूप से रह रहे 46 नेपाली नागरिकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से Nepal वापस लाया गया है। ये सभी नागरिक 13 और 14 अप्रैल को भेजे गए थे और गुरुवार को अपने देश पहुंचे।
थाईलैंड स्थित नेपाली दूतावास के अनुसार, ये नागरिक अलग-अलग लालच में आकर कंबोडिया पहुंचे थे, जहां उन्हें अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन स्कैमिंग सेंटर, कसीनो में ऑनलाइन ठगी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में लगाया गया। इनमें से कई लोग बिना वीज़ा या वीज़ा अवधि समाप्त होने के बाद भी वहां रह रहे थे।
दूतावास ने बताया कि कंबोडिया में अभी भी कई नेपाली नागरिक फंसे हुए हैं, जिन्हें वापस लाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन नागरिकों को धोखे से ऐसे नेटवर्क में फंसाया जाता है, जहां उनसे जबरन ऑनलाइन ठगी करवाई जाती है।
आंकड़ों के मुताबिक, हाल के वर्षों में कंबोडिया जाने वाले नेपाली नागरिकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। वर्ष 2021 में जहां केवल 101 नेपाली पर्यटक वहां पहुंचे थे, वहीं 2022 में यह संख्या बढ़कर 1977 हो गई। 2023 में 2940, 2024 में 6404 और 2025 में यह आंकड़ा 9676 तक पहुंच गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि विदेश में नौकरी और बेहतर कमाई के लालच में लोग इस तरह के जाल में फंस रहे हैं, जिससे मानव तस्करी और साइबर अपराध जैसे मामलों में वृद्धि हो रही है।













