इंदौर। इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में 19 जून 2026 को संभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। 
बैठक में उप आयुक्त सहकारिता मनोज जायसवाल, सहायक उप आयुक्त सहकारिता घनश्याम सिंह परिहार, संभागीय शाखा प्रबंधक गणेश यादव सहित इंदौर संभाग के जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक के दौरान कृषि ऋण वितरण एवं वसूली की प्रगति, ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण, 13 अप्रैल से 30 जून तक संचालित सदस्यता अभियान, सहकारी समितियों की व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार तथा कालातीत सदस्यों से वसूली की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ऋण वितरण और वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा किसानों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया।


उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों को गति देने और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को व्यापक स्तर पर लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को उर्वरक वितरण पूरी तरह ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान सदस्यता अभियान को सफल बनाने और सहकारी समितियों की गतिविधियों के विस्तार को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष महेन्द्र सिंह यादव ने अपेक्स बैंक की विजय नगर शाखा परिसर में आम के पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।











