Indore में बस पास शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्रों ने नगर निगम पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और महापौर व निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।
वॉयस ओवर —
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि इंदौर नगर निगम द्वारा चलाई जा रही महापौर बस पास योजना में हाल ही में भारी बढ़ोतरी की गई है। जहां पहले छात्र बस पास ₹200 में मिलता था, अब उसे बढ़ाकर ₹400 कर दिया गया है। वहीं सामान्य पास ₹600 से बढ़ाकर ₹1200 कर दिया गया है।
छात्रों ने इस बढ़ोतरी को आम जनता के लिए बड़ा आर्थिक बोझ बताया। खासकर बाहर से पढ़ने या काम करने आए युवाओं पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि पहले से ही किराया, फीस और अन्य खर्चों का दबाव है, ऐसे में बस पास की कीमत दोगुनी होना मुश्किलें और बढ़ा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि बस पास की कीमतों में कमी की जाए और गरीब, वृद्ध व दिव्यांग वर्ग को विशेष छूट दी जाए। इसके साथ ही भंवरकुआं स्थित टंट्या भील चौराहे की समस्याओं को भी उठाया गया। छात्रों के मुताबिक, वहां लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद है, साफ-सफाई नहीं होती और फव्वारा भी खराब पड़ा है।
उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और रात के समय असामाजिक तत्वों की मौजूदगी पर सवाल उठाए। छात्रों ने प्रशासन से चौराहे पर नियमित सफाई, लाइट व्यवस्था और CCTV कैमरे लगाने की मांग की।
छात्र संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह आंदोलन का पहला चरण है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा और आंदोलन को प्रदेश स्तर तक ले जाया जाएगा।
फिलहाल, अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।













