मध्यप्रदेश: गुना के फतेहगढ़ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। गुना के फतेहगढ़ के सचिव पवन मीणा के घर में एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना को पूरे सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया।
रात को लगभग 10 से 12 हथियारबंद बदमाश सचिव पवन मीणा के घर में घुसकर करीब 3 करोड़ की चोरी को अंजाम दे गए।
जानकारी के मुताबिक, घटना करीब रात 2:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय सचिव जी का पूरा परिवार सो रहा था। तब ताला तोड़कर बदमाशों का गिरोह घर के अंदर घुसा और परिवार को बाहर निकलने से रोकने के लिए कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में घर से करीब 6 किलो सोना और 11 लाख की चांदी चोरी होने की सूचना प्राप्त हो रही है।
वारदात के बाद फतेहगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल का अच्छी तरह से निरीक्षण करने तथा साक्ष्य एकत्रित करने के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चालू कर दिया है। आरोपियों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन में पुलिस ने पूरा जोर लगा दिया है।
मामले के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। आमजन का कहना है कि यदि सरकारी अफसर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आमजन का क्या होगा?
सवाल यह भी उठता है कि सचिव के घर की इतनी सटीक जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची?
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। यह कहना मुश्किल है कि बदमाशों को घर में रखी नगदी की पहले से जानकारी थी या कोई मुखबिर सचिव के घर की सारी सूचनाएं बदमाशों तक पहुंचा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने ग्रामीण इलाकों में जनता की सुरक्षा पर बड़े सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों ने इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
written by : KOMAL SHREE BHATT




